वज्रपात की घटना में एक व्यक्ति समेत तीन पशुओं की मौत,एक महिला भी हुई गम्भीर
पवन राणा
मरकच्चो :- मरकच्चो थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत मौके पर हो गई वही वज्रपात की दूसरी घटना में एक महिला बुरी तरह घायल हो गयी। मृतक की पहचान मूर्कमनाय निवासी 45 वर्षीय बटुकेश्वर सिंह उर्फ भुटारी सिंह पिता शक्ति सिंह के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार शाम 4:00 बजे की है बताया जाता है किसान बटुकेश्वर सिंह खेत में धान की बिचड़ा लगाने गया था। धान बिचड़ा लगाकर घर वापस लौट रहा था। इस क्रम में हल्की बारिश के साथ वज्रपात हो गया जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मालूम हो कि मृतक को तीन लड़की व एक लड़का है। सूचना मिलने पर मरकच्चो थाना के एएसआई उमेश सिंह एवं दयाराम सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर थाना ले गए व शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं दूसरी ओर मरकच्चो थाना क्षेत्र के कादोडीह पंचायत के ग्राम बीगहा में शुक्रवार को उसी समय वज्रपात होने से एक महिला बुरी तरह घायल हो गई। वही 3 मवेशी एक बैल,एक बछड़ा व एक बकरी की मृत्यु हो गई। घायल महिला की पहचान बीगहा निवासी सुखदेव राणा की पत्नी रेखा देवी 40 वर्ष के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार रेखा देवी गाय चराने गांव के बगल खेत में गई थी। इसी बीच लगभग 4 बजे शाम हल्की बारिश के साथ बज्रपात हुई जिसकी चपेट में आ जाने से वह बेहोश हो गई। खेत में काम कर रहे मजदूरों ने देखा कि रेखा देवी बेहोश पड़ी है। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उठाकर घर ले आये व बेहतर इलाज हेतु कोडरमा सदर अस्पताल एंबुलेंस से भेज दिया गया। मालूम हो कि 5 वर्ष पूर्व पहले वज्रपात की चपेट में आने से उसकी बेटी की भी मौत हुई थी।
Comments
Post a Comment